1
1
लखनऊ, 2 जून। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को लखनऊ स्थित संगम सभागार में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक कर प्रदेश में बिजली आपूर्ति व्यवस्था, आंधी-तूफान के बाद उत्पन्न हुई समस्याओं और उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की बिजली बाधा का तत्काल समाधान किया जाए।
बैठक में ऊर्जा मंत्री ने सभी विद्युत वितरण निगमों (डिस्कॉम) के कार्यों की डिस्कॉमवार समीक्षा की। उन्होंने प्रबंध निदेशकों से आंधी-तूफान के कारण विद्युत अवसंरचना को हुए नुकसान और मरम्मत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि जनता को बेहतर बिजली सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा प्राप्त शिकायतों पर भी चर्चा हुई। सिद्धार्थनगर जिले से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने अधिशासी अभियंता ज्ञान प्रकाश के खिलाफ प्राप्त शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की शिकायतों की अनदेखी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में संविदाकर्मियों से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ। संविदाकर्मियों को हटाए जाने की शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिना उचित कारण किसी भी संविदाकर्मी को नौकरी से न निकाला जाए। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में संविदाकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनके हितों की रक्षा की जानी चाहिए।
इसके अलावा मंत्री ने विधायक निधि से प्रस्तावित विद्युत विभाग के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की जरूरतों और जनप्रतिनिधियों की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए सभी विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
बैठक में यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित रहे, जबकि अपर मुख्य सचिव ऊर्जा आशीष गोयल तथा सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।