1
1
ग्रेटर नोएडा। बिग क्रिकेट लीग 2026 के दूसरे मुकाबले में सोमवार को दर्शकों को चौकों-छक्कों की जबरदस्त बारिश देखने को मिली। नॉर्दर्न चैलेंजर्स के लिए श्रीलंका के स्टार बल्लेबाज एंजेलो परेरा ने शानदार शतक जड़ा, लेकिन उनकी यह यादगार पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। सदर्न स्पार्टन्स ने 211 रन के विशाल लक्ष्य का सफल पीछा करते हुए मुकाबला 5 विकेट से अपने नाम कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए नॉर्दर्न चैलेंजर्स की शुरुआत संभली हुई रही। कप्तान फिल मस्टर्ड ने 37 गेंदों में 71 रन की आक्रामक पारी खेली। इसके बाद एंजेलो परेरा ने जिम्मेदारी संभालते हुए मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए।
परेरा ने 57 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनके शानदार शतक की बदौलत नॉर्दर्न चैलेंजर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 210/4 का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
211 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सदर्न स्पार्टन्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। आसद पठान ने 40 और अभिषेक सिंघल ने 30 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई।
हालांकि बीच के ओवरों में विकेट गिरने से मुकाबला रोमांचक हो गया, लेकिन अंत में अभिषेक बत्रा ने नाबाद 46 रन और शिवम शर्मा ने नाबाद 36 रन की तूफानी पारियां खेलकर मैच को नॉर्दर्न चैलेंजर्स की पकड़ से बाहर कर दिया। सदर्न स्पार्टन्स ने 19.2 ओवर में 211/5 रन बनाकर जीत दर्ज की।

इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को देखने के लिए केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री Ramdas Athawale भी स्टेडियम पहुंचे। उनकी मौजूदगी ने मुकाबले की रौनक और बढ़ा दी। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और बिग क्रिकेट लीग जैसे आयोजनों की सराहना की।
सदर्न स्पार्टन्स के बल्लेबाज अभिषेक बत्रा को उनकी मैच जिताऊ नाबाद 46 रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।