1
1
हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां महज 110 रुपये और एक मोबाइल फोन लूटने के लिए दो डिलीवरी बॉय ने एक प्रवासी मजदूर की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 38 वर्षीय जयप्रकाश देशमुख के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले का रहने वाला था और हैदराबाद में मजदूरी करता था। 2 जून की रात वह सिकंदराबाद के मोंडा मार्केट इलाके में था। इसी दौरान दो डिलीवरी एजेंट उसे रेलवे स्टेशन छोड़ने का झांसा देकर अपने साथ ले गए।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों का मकसद राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट करना था। सुनसान जगह पर ले जाने के बाद उन्होंने मजदूर से पैसे और मोबाइल छीनने की कोशिश की। जब जयप्रकाश ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके सिर पर बड़े पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी उसका मोबाइल फोन और 110 रुपये लेकर फरार हो गए।
3 जून की सुबह पुलिस को एक सुनसान इलाके में खून से लथपथ शव मिलने की सूचना मिली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और पहचान के प्रयास शुरू किए गए। पुलिस ने मृतक की तस्वीर विभिन्न थानों और सोशल मीडिया पर प्रसारित की, जिसके बाद परिजन आगे आए और शव की पहचान की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चार विशेष टीमें गठित कीं। सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची। सोमवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों में एक 30 वर्षीय किराना डिलीवरी कर्मचारी और दूसरा 19 वर्षीय फूड डिलीवरी एजेंट बताया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई ई-बाइक भी बरामद कर ली है। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।