Popular Posts

2

भगवान विश्वकर्मा की जयन्ती के अवसर पर भोपाल सिंह मैमोरियल हॉल, इण्डियन मेडिकल एसोसियेशन भवन, बच्चा पार्क में मा0 जनप्रतिनिधियो की उपस्थिति में किया गया टूलकिट वितरण कार्यक्रम का आयोजन

केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर नोएडा में मीडिया संवाद, प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने गिनाईं उपलब्धियां

नोएडा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को नोएडा सेक्टर-27 स्थित क्लब हाउस में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।

कार्यक्रम में सांसद डॉ. महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे समेत अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 से शुरू हुई विकास यात्रा ने देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी हैं। जनता ने वर्ष 2014, 2019 और 2024 में लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, युवा और महिलाओं का सशक्तिकरण है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जबकि आयुष्मान भारत योजना से 60 करोड़ से ज्यादा लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चार करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं उज्ज्वला योजना के तहत 11 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए गए हैं।

किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 11 करोड़ से अधिक किसानों को 4.3 लाख करोड़ रुपये सीधे उनके खातों में भेजे गए हैं। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड और अन्य योजनाओं के जरिए कृषि क्षेत्र को मजबूती दी गई है।

बृजेश सिंह ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी में ऐतिहासिक विस्तार हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क 91 हजार किलोमीटर से बढ़कर लगभग 1.46 लाख किलोमीटर हो गया है। देशभर में 164 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं और 1337 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व मंच पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभरा है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान और बढ़ते विदेशी निवेश इसका प्रमाण हैं। योग दिवस को लेकर दुनिया के 177 देशों की भागीदारी भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा को दर्शाती है।

मीडिया संवाद के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है और सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *