Popular Posts

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एल्डेको सोसाइटी में एसटीपी टैंक की सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा, दो की मौत

ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-150 स्थित एल्डेको सोसाइटी में मंगलवार को एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण टैंक के अंदर दम घुटने से दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस के अनुसार, राजस्थान के करौली जिले के निवासी शशिकांत शर्मा (40) एसटीपी टैंक की सफाई के लिए उसके अंदर उतरे थे। कुछ ही देर बाद वह टैंक के भीतर बेहोश हो गए। उन्हें बाहर नहीं आते देख सोसाइटी में तैनात सुरक्षा गार्ड आकाश (22), निवासी फिरोजाबाद, उन्हें बचाने के लिए टैंक में उतर गया। हालांकि, जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण वह भी बेहोश हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों को टैंक से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि टैंक के भीतर जहरीली गैस भरने और पर्याप्त ऑक्सीजन न होने के कारण दोनों की जान गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि सफाई कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

इस हादसे ने एक बार फिर बंद टैंकों और सीवेज संरचनाओं की सफाई के दौरान सुरक्षा उपकरणों तथा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के पालन की आवश्यकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *