Popular Posts

विवेकानन्द यूथ एवार्ड हेतु उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा 10 अगस्त तक कर सकते हैं आवेदन

शासन के निर्देशों के क्रम में प्रभारी जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, गौतमबुद्धनगर अमृता चौधरी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए व्यक्तिगत श्रेणी के अंतर्गत विवेकानन्द यूथ एवार्ड प्रदान किए जाने हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पुरस्कार 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को प्रदान किया जाएगा। आयु का निर्धारण नामांकन वर्ष की 01 जनवरी की स्थिति के अनुसार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शासन द्वारा यह पुरस्कार खेलकूद, परिवार कल्याण, वृक्षारोपण, अल्प बचत, रक्तदान, नशामुक्ति, जल संरक्षण, पुस्तकालय एवं वाचनालय की स्थापना एवं संचालन, जैविक खेती, सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापना, स्वच्छता, राष्ट्रीय एकीकरण, साक्षरता, आपदा प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, स्वास्थ्य, अनुसंधान, कला, संस्कृति एवं साहित्य, मानवाधिकारों के संवर्धन, पर्यटन, पारंपरिक चिकित्सा, सक्रिय नागरिकता, सामुदायिक सेवा, खेल एवं शैक्षिक उत्कृष्टता तथा स्मार्ट लर्निंग सहित विभिन्न विकासात्मक क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवाओं को प्रदान किया जाएगा।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने जनपद के पात्र युवाओं से अपील की है कि वे उपर्युक्त क्षेत्रों में किए गए अपने कार्यों के साक्ष्यों सहित आवेदन/प्रस्ताव बुकलेट फाइल पर तीन प्रतियों में तैयार कर 10 अगस्त 2026 तक कार्यालय कक्ष संख्या-311, विकास भवन, गौतमबुद्धनगर में अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा दें, ताकि प्राप्त प्रस्तावों को नियमानुसार समय से शासन को प्रेषित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *