Popular Posts

रक्षाबंधन पर जिलाधिकारी एवं सीडीओ को रक्षा सूत्र बांधकर की मंगलकामना

रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर श्रीमद् दयानंद उत्कर्ष आर्य कन्या गुरुकुल की प्रबंध निदेशक आचार्य रश्मि आर्या, प्रधानाचार्य डॉ. अलका शास्त्री एवं व्यवस्थापक डॉ. गुलशन ने जिलाधिकारी आवास पहुंचकर जिलाधिकारी डॉ0 वी.के. सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल को रक्षा सूत्र बांधकर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

इस अवसर पर गुरुकुल की आचार्य ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत रक्षा सूत्र बांधते हुए जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के उत्तम स्वास्थ्य, यश, समृद्धि एवं निरंतर उन्नति के लिए मंगलकामना की। वैदिक परंपरा के अनुसार रक्षा सूत्र को स्नेह, सुरक्षा, कर्तव्य, सद्भाव एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक बताते हुए इस पावन पर्व का महत्व भी साझा किया गया।

आचार्य रश्मि आर्या ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम और रक्षा के संकल्प का पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज में एक-दूसरे के प्रति सम्मान, सहयोग, सेवा और दायित्व की भावना को मजबूत करने वाला पर्व भी है। समाज और राष्ट्र की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति सम्मान एवं शुभेच्छा व्यक्त करना भी इसी भावना का हिस्सा है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ0 वी.के. सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने गुरुकुल परिवार को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा, संस्कार एवं समाजसेवा के क्षेत्र में श्रीमद् दयानंद उत्कर्ष आर्य कन्या गुरुकुल द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

गुरुकुल परिवार की ओर से इस पावन अवसर पर जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, यश, समृद्धि एवं राष्ट्रसेवा में निरंतर सफलता की कामना करते हुए सभी के सुख, शांति एवं कल्याण के लिए मंगल प्रार्थना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *