Popular Posts

जीआरपी मेरठ सिटी ने बरामद किए 33 गुमशुदा मोबाइल


करीब 5.70 लाख रुपये कीमत के मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को किए सुपुर्द
मेरठ। ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के गुम होने वाले मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी मेरठ सिटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों से गुम हुए 33 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग मुरादाबाद मोहितेश चन्द्र के निर्देशन में ट्रेनों एवं रेलवे प्लेटफार्मों पर गुम होने वाले मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के क्रम में पुलिस उपाधीक्षक रेलवे अशोक कुमार सिसोदिया के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक जीआरपी थाना मेरठ सिटी विशाल सांगरी के कुशल निर्देशन में पुलिस टीम ने तकनीकी माध्यमों एवं सर्विलांस की सहायता से गुमशुदा मोबाइल फोन की तलाश की।
लगातार प्रयास के बाद टीम ने आईफोन, सैमसंग, ओप्पो, वीवो, रियलमी, वनप्लस, रेडमी, मोटोरोला, पोको, नथिंग सहित विभिन्न कंपनियों के कुल 33 मोबाइल फोन बरामद किए।


बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों की पहचान एवं आवश्यक सत्यापन की कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें सुपुर्द किए गए। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस मिलने पर मोबाइल स्वामियों ने जीआरपी पुलिस का आभार व्यक्त किया तथा पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार रेलवे यात्रियों के गुम होने वाले मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। जीआरपी द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान अपने मोबाइल फोन एवं अन्य सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें तथा मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
बरामदगी करने वाली टीम
उपनिरीक्षक सोनू कुमार, हेड कांस्टेबल 85 विकास कुमार एवं कांस्टेबल 2070 अतुल राजपूत की टीम ने मोबाइल फोन बरामद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *