1
1
सलावा में आकार ले रहा मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय अब खेल प्रतिभाओं को तराशने के बड़े केंद्र के रूप में तैयार हो रहा है। बुधवार को खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण कर काम की रफ्तार परखी। प्रशासनिक और शैक्षणिक भवन से लेकर छात्रावास, इंडोर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, एथलेटिक ट्रैक, फुटबाल और हाकी मैदान तक पहुंचकर उन्होंने निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता देखी। मंत्री ने निर्माणदायी संस्था को अतिरिक्त मानव संसाधन और मशीनरी लगाकर काम तेज करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल इमारतों का समूह नहीं, बल्कि खेल शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान का ऐसा केंद्र बने, जहां प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए बेहतर माहौल मिले। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरा कराने के लिए कार्यवार निगरानी और प्रभावी कार्ययोजना सुनिश्चित की जाए।

सबसे पहले हेल्थ सेंटर और प्रशासनिक भवन का निरीक्षण किया गया। इसके बाद शैक्षणिक भवन और कक्षाओं की स्थिति देखी। मंत्री ने निर्देश दिए कि शैक्षणिक सुविधाएं आधुनिक होने के साथ खेल शिक्षा और प्रशिक्षण की बदलती जरूरतों के अनुरूप भी हों। उन्होंने भवनों में उपयोगिता, तकनीकी मानकों और भविष्य की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने को कहा।
बालक और बालिका छात्रावासों में बन रहे त्रि-सीटर कमरों का भी निरीक्षण किया। विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, जलापूर्ति, स्वच्छता और वेंटिलेशन की जानकारी लेते हुए मंत्री ने विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मैदानों पर भी परखी तैयारी
पाकेट-2 में निर्माणाधीन खेल सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने एथलेटिक ट्रैक, इंडोर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, फुटबाल और हाकी मैदान की प्रगति देखी। उन्होंने इन कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके बाद सभा कक्ष में लोक निर्माण विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से प्रस्तुतिकरण दिया गया।

मंत्री ने विश्वविद्यालय प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और निर्माणदायी संस्था के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण में तेजी जरूरी है, लेकिन गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और तकनीकी विशिष्टताओं से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। हर कार्य की नियमित समीक्षा हो और अड़चन सामने आते ही उसका समाधान किया जाए।
गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय प्रदेश में खेल शिक्षा को मजबूत करने और प्रतिभाओं को अवसर देने की सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। यहां युवाओं को खेल शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और अनुसंधान के बेहतर अवसर मिलेंगे और प्रदेश को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने में नई ताकत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान खेल विभाग के सचिव सुहास एलवाई, कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत, वित्त अधिकारी पंकज कुमार चतुर्वेदी, कुलसचिव सुनील कुमार झा, मुख्य अभियंता अवधेश शरण चौरसिया, अधिशासी अभियंता मोहम्मद आरिफ, विद्युत अधिशासी अभियंता दीपक अग्रवाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।