जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा।
देश को सेमीकंडक्टर हब बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड के सेमीकंडक्टर OSAT प्लांट का शिलान्यास किया गया। यह परियोजना HCL ग्रुप और Foxconn का संयुक्त उद्यम है, जिसमें लगभग 3,706 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम को संबोधित किया, जबकि मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव मौजूद रहे। यह उत्तर भारत की पहली बड़ी सेमीकंडक्टर पैकेजिंग यूनिट मानी जा रही है।
सीएम योगी बोले – जेवर बना देश का अग्रणी औद्योगिक क्षेत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत को इलेक्ट्रॉनिक्स और टेक्नोलॉजी हब के रूप में नई पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि हाल ही में भारत मंडपम में आयोजित AI समिट में 110 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सीएम ने कहा कि जिस क्षेत्र में पहले अपराध और असुरक्षा का माहौल था, वही जेवर आज मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख केंद्र बन चुका है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और तेज फैसलों ने उत्तर प्रदेश को निवेशकों की पसंदीदा डेस्टिनेशन बना दिया है।
पीएम मोदी का बड़ा संदेश – टेक्नोलॉजी में भारत का दशक
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के पास अब रुकने का समय नहीं है। 2026 की शुरुआत से देश ने विकास की गति और तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी की अर्थव्यवस्था चिप-आधारित है और भारत प्रोसेसिंग पावर, सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर तीनों क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
पीएम ने कहा,
“इस दशक में टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारत जो भी करेगा, वह 21वीं सदी का पावरहाउस बनेगा।”
आत्मनिर्भर भारत की ओर मजबूत कदम
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत में चिप स्टार्टअप प्रोग्राम शुरू किया गया है और सेमीकंडक्टर पैकेजिंग को लेकर तेज़ी से काम हो रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात आठ गुना बढ़ा है, जबकि मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग 28 गुना तक पहुंच चुकी है।
उन्होंने कहा कि आज देश के आधे से ज्यादा मोबाइल फोन उत्तर प्रदेश में बन रहे हैं और आने वाले समय में चिप मैन्युफैक्चरिंग से यूपी की भूमिका और मजबूत होगी।
डबल इंजन सरकार से बदली यूपी की तस्वीर
पीएम मोदी ने कहा कि एक समय यूपी माइग्रेशन और अपराध के लिए जाना जाता था, लेकिन अब एक्सप्रेसवे, डिफेंस कॉरिडोर, टूरिज्म और इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट के लिए पहचाना जा रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर इस क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
