Popular Posts

सिकंदराबाद क्षेत्र में डेरी कर्मचारी की मौत के बाद रोष, आरोपी जीएम और एचआर मैनेजर फरार

सिकंदराबाद(U.P):

सिकंदराबाद क्षेत्र में डेरी प्लांट के कर्मचारी हरेंद्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के एक सप्ताह बाद भी मामला शांत नहीं हुआ है। पीड़ित परिवार और कर्मचारियों में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि डेरी प्लांट के कुछ अधिकारियों द्वारा लगातार उत्पीड़न और नौकरी से निकालने की धमकी देने के कारण हरेंद्र को आत्महत्या जैसा कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा। घटना के बाद से आरोपित अधिकारी फरार बताए जा रहे हैं, जिससे परिवार का गुस्सा और बढ़ गया है.

मृतक हरेंद्र के पिता सुभाष, निवासी बसी जिला बागपत, ने बताया कि उनका बेटा पिछले करीब दस वर्षों से डेरी प्लांट में ईमानदारी से काम कर रहा था। इसके बावजूद फैक्ट्री जीएम अनिर्बन घोष और एचआर मैनेजर विक्रांत त्यागी उस पर आए दिन चोरी के झूठे आरोप लगाते थे और नौकरी से निकालने की धमकी देते थे। इस मानसिक दबाव के कारण वह बेहद परेशान रहने लगा था। परिजनों का कहना है कि इसी उत्पीड़न से तंग आकर उसने यह कदम उठाया।

परिवार का आरोप है कि घटना को एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी न तो आरोपित अधिकारियों की गिरफ्तारी हुई है और न ही कंपनी की ओर से पीड़ित परिवार को किसी प्रकार की आर्थिक सहायता दी गई है। इससे परिवार की परेशानी और बढ़ गई है। मृतक अपने परिवार का मुख्य सहारा था और उसकी मौत के बाद परिवार आर्थिक संकट में भी आ गया है।

हरेंद्र की आत्मा की शांति के लिए आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भी डेरी प्रबंधन का कोई अधिकारी नहीं पहुंचा, जिससे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में नाराज़गी और बढ़ गई। कर्मचारियों का कहना है कि प्रबंधन की यह संवेदनहीनता बेहद दुखद है और इससे कर्मचारियों का मनोबल भी प्रभावित हुआ है।

पीड़ित पिता सुभाष ने कहा कि यदि जल्द ही आरोपित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वह इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से करेंगे। उन्होंने सरकार से न्याय दिलाने और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने भी प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।