1
1
मुजफ्फरनगर, 13 जुलाई।
ग्राम शेरनगर स्थित सिद्ध पीठ शिव मंदिर परिसर में सोमवार को पर्यटन विकास योजना के अंतर्गत लगभग ₹69 लाख की लागत से बनने वाले बहुउद्देशीय सत्संग भवन का विधिवत शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान तथा सनातन हिंदू वाहिनी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष महंत औघड़ संजय नाथ योगी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

शिलान्यास समारोह का नेतृत्व सनातन हिंदू वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष महंत कन्हैया गिरी ने किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महंत औघड़ संजय नाथ योगी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई तथा पांच ईंटों का तिलक कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया।
इस अवसर पर महंत औघड़ संजय नाथ योगी ने कहा कि प्रदेश उपाध्यक्ष महंत कन्हैया गिरी के निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है कि प्राचीन सिद्ध पीठ शिव मंदिर को यह महत्वपूर्ण सौगात मिल रही है। उन्होंने कहा कि महंत कन्हैया गिरी लंबे समय से सनातन संस्कृति, धार्मिक स्थलों के विकास और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने मंदिर परिसर में बनने वाले सत्संग भवन को क्षेत्र की धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए उपयोगी बताते हुए इसके शीघ्र निर्माण की कामना की।
कार्यक्रम में गुरुदेव स्वतंत्र गिरी महाराज, रामनाथ, अनुज, मोतला, विशेष, जीतपुर सहित अनेक संत, गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। समारोह का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ।