Popular Posts

मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड एवं विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक संपन्न

मुख्य विकास अधिकारी गौतमबुद्धनगर भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड, विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों, निर्माण कार्यों, सीएमआईएस पोर्टल, जीरो पॉवर्टी अभियान, ई-ऑफिस तथा फैमिली आईडी एवं आधार सीडिंग से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकताओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
आयोजित बैठक में प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह द्वारा सीएम डैशबोर्ड एवं विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की अद्यतन प्रगति से मुख्य विकास अधिकारी को अवगत कराया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने प्रोबेशन विभाग, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, श्रम विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, जिला कार्यक्रम विभाग, लोक निर्माण विभाग, उद्योग विभाग, जल निगम, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि विभाग, दुग्ध विकास विभाग, नेडा, वन विभाग, पशुपालन विभाग आदि विभागों की विभागवार समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान फैमिली आईडी एवं आधार सीडिंग की प्रगति का परीक्षण करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सौर ऊर्जा एवं पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों का अधिकाधिक पंजीकरण कराने तथा योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से जनसामान्य को लाभान्वित करने हेतु निर्देशित किया।
बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखते हुए उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही परिषदीय विद्यालयों में संचालित कायाकल्प कार्यों तथा विद्यालय निरीक्षण की स्थिति की समीक्षा करते हुए नियमित स्थलीय निरीक्षण, कमियों के त्वरित निस्तारण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग की शासन स्तर पर नियमित समीक्षा की जाती है। अतः सभी विभाग अपने-अपने निर्धारित बिंदुओं एवं लक्ष्यों पर विशेष ध्यान देते हुए अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में जनपद का प्रदर्शन अपेक्षित स्तर पर नहीं है, वहां विशेष प्रयास करते हुए सुधार लाया जाए। साथ ही विभागीय अधिकारी नियमित अनुश्रवण एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के माध्यम से विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से पहुंचता रहे।
बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने हेतु प्रभारी जिला विकास अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठकों में सहभागिता, कार्यों की नियमित समीक्षा तथा निर्धारित लक्ष्यों के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों का दायित्व है। किसी भी स्तर पर शिथिलता अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एएलसी श्रम विभाग डॉ एम पी सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अरुण कुमार एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *