Popular Posts

80 वर्षीय बुजुर्ग ने पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या की, फिर खुद ही पहुंच गया पुलिस चौकी

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मुरादनगर थाना क्षेत्र के रावली कला गांव में 80 वर्षीय बुजुर्ग ने अपनी 72 वर्षीय पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खुद पुलिस चौकी पहुंचा और अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान हरपाल के रूप में हुई है। उसने शनिवार तड़के करीब 4 बजे अपनी पत्नी उर्मिला पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। सिर, गर्दन और कंधे पर गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

खुद पुलिस चौकी पहुंचकर बोला – “मैं पत्नी को मार आया हूं”

घटना के बाद हरपाल सीधे रावली पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिसकर्मियों से कहा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। यह सुनकर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, जहां महिला खून से लथपथ चारपाई पर पड़ी मिली। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

बेटी के घर रह रहा था बुजुर्ग दंपति

जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसकी पत्नी अपनी बेटी के घर रह रहे थे। परिवार के लोगों के अनुसार दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। घटना के समय घर में उनके नाती मौजूद थे, जबकि बेटी और दामाद मेरठ गए हुए थे।

मृतका के नाती ने पुलिस को बताया कि उसके नाना की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी और वह छोटी-छोटी बातों पर विवाद करते थे।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *