1
1
1
2
3
ग्रेटर नोएडा। बिग क्रिकेट लीग (BCL) सीजन-2 के मुकाबले में गुजरात डायमंड्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नॉर्दर्न चैलेंजर्स को 37 रन (डीएलएस पद्धति) से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। बारिश से प्रभावित यह मुकाबला शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, ग्रेटर नोएडा में खेला गया।
टॉस जीतकर नॉर्दर्न चैलेंजर्स के कप्तान हरभजन सिंह ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन गुजरात डायमंड्स के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 217 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
गुजरात डायमंड्स की ओर से सारुल कंवर ने विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 54 गेंदों में 118 रन ठोक दिए। उनकी पारी में कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे। सारुल ने शुरुआत से ही नॉर्दर्न चैलेंजर्स के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
सारुल कंवर का शानदार साथ जेसल कारिया ने दिया। उन्होंने 49 गेंदों पर 70 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई बड़ी साझेदारी ने गुजरात को 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
218 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्दर्न चैलेंजर्स की ओर से श्रीलंकाई बल्लेबाज एंजेलो परेरा ने 36 गेंदों में 64 रन की तेजतर्रार पारी खेली। हालांकि, इसी दौरान बारिश ने मैच में बाधा डाल दी और खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका।
डीएलएस नियम लागू होने के बाद गुजरात डायमंड्स को 37 रन से विजेता घोषित कर दिया गया।
इस जीत के साथ गुजरात डायमंड्स ने सेमीफाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया। टीम यूपी ब्रिज स्टार्स के बाद अंतिम-4 में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है। लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर गुजरात डायमंड्स अब खिताब की प्रबल दावेदारों में शामिल हो गई है।