1
1
गुरुग्राम: भीषण गर्मी के बीच गुरुग्राम में बड़ा बिजली संकट देखने को मिला, जब सेक्टर-72 स्थित 220 KVA पावर स्टेशन के मुख्य ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। हादसे के बाद शहर के सात बिजली घर बंद हो गए और कई सेक्टरों में घंटों तक बिजली गुल रही। इसका असर Rapid Metro सेवाओं पर भी पड़ा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रांसफॉर्मर में आग लगने के बाद सेक्टर 38 से 57 तक कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। DHBVN अधिकारियों ने बताया कि अत्यधिक गर्मी और ओवरलोडिंग के कारण फीडर सिस्टम में खराबी आई, जिससे पूरा सप्लाई नेटवर्क प्रभावित हुआ।
Rapid Metro सेवा भी करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक प्रभावित रही। कई स्टेशनों पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद तकनीकी टीमों को बैकअप सिस्टम के जरिए सेवाएं बहाल करनी पड़ीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई हाईराइज सोसाइटियों में रातभर बिजली नहीं रही। इन्वर्टर और जनरेटर भी जवाब देने लगे, जिससे लोगों को गर्मी में भारी परेशानी झेलनी पड़ी। Dwarka Expressway के आसपास की कई सोसाइटियों में 7 से 10 घंटे तक बिजली कटौती की शिकायत सामने आई।
DHBVN अधिकारियों ने कहा कि मरम्मत कार्य लगातार जारी है और ट्रांसफॉर्मर व फीडर सिस्टम को दोबारा चालू करने में 8 से 10 घंटे तक का समय लग सकता है। फायर ब्रिगेड की टीमों ने आग पर काबू पा लिया है और अब तकनीकी जांच की जा रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ते तापमान और ओवरलोडिंग के कारण गुरुग्राम की बिजली व्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है। हाल के महीनों में शहर में कई बार ट्रांसफॉर्मर और सबस्टेशन में आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।