Popular Posts

41 दिन की तपस्या पूर्ण झारखंडी महादेव मंदिर

झारखंडी महादेव मंदिर में 41 दिवसीय नौ धूनी तपस्या का समापन, विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

सरधना। सरधना ब्लॉक क्षेत्र के गांव शाहपुर जदीद स्थित सिद्धपीठ झारखंडी महादेव मंदिर में रविवार को महंत संजय नाथ योगी जी महाराज की 41 दिवसीय नौ धूनी तपस्या का समापन श्रद्धा और भक्ति के माहौल में हुआ। तपस्या पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

महंत संजय नाथ योगी जी महाराज ने 27 अप्रैल से नौ धूनी तपस्या प्रारंभ की थी। भीषण गर्मी और लगभग 45 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच उन्होंने लगातार अग्नि के मध्य बैठकर साधना की। नौ धूनी तपस्या में साधक अपने चारों ओर अग्नि प्रज्ज्वलित कर उसके मध्य बैठकर तप और साधना करता है।

कार्यक्रम में कालकाजी पीठाधीश्वर एवं सनातन हिंदू वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत सुरेंद्र नाथ अवधूत महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए साधु-संतों तथा श्रद्धालुओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

तपस्या के समापन अवसर पर महंत औघड़ संजय नाथ योगी जी महाराज ने कहा कि यह साधना गुरु महाराजों की कृपा और भगवान महादेव के आशीर्वाद से सफलतापूर्वक संपन्न हुई है। उन्होंने बताया कि इस तपस्या का उद्देश्य देश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करना तथा समाज को जात-पात के भेदभाव से ऊपर उठाने का संदेश देना है।

उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और समाज में आध्यात्मिक चेतना को मजबूत बनाने के लिए इस प्रकार की साधनाओं का विशेष महत्व है। धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए तप, त्याग और साधना की परंपरा को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

इस दौरान योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान भी किया गया।

कार्यक्रम में सनातन हिंदू वाहिनी जिलाध्यक्ष आकाश डेढ़ा, महंत कन्हैया गिरी, महंत पूरण दास, उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष महंत शंकर दास, जुगल किशोर श्रीवास्तव, रिटायर्ड इंस्पेक्टर आरबी सिंह, सोकेंद्र सिंह प्रधान, डॉ. गुरु प्रसाद वर्मा, अमित डेढ़ा, राजे सिंह, किरणपाल सिंह, राहुल गुर्जर समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *