Popular Posts

राज्य कर विभाग का व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित, जीएसटी सुधारों और पंजीयन के लाभों पर हुई चर्चा

मेरठ। राज्य कर विभाग मेरठ द्वारा शुक्रवार को भूतनाथ चौराहा, एल-ब्लॉक शास्त्री नगर में एक वृहद “व्यापारी संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, कर विशेषज्ञों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लेकर व्यापार एवं कराधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

कार्यक्रम में एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 राज्य कर अमित कुमार पाठक, ज्वाइंट कमिश्नर राज्य कर संभाग-बी अनीता गर्व्याल, उपयुक्त खंड-11 अरुण कुमार पाण्डेय, असिस्टेंट कमिश्नर राकेश कुमार कनौजिया, राज्य कर अधिकारी चंद्रिका प्रसाद, अधिवक्ता दीपक वर्मा, पवन सिद्धार्थ, ललित शर्मा, दुर्गेश भड़ाना, संदीप रस्तोगी तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट सुमित अग्रवाल मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में व्यापारी, ई-रिक्शा कारोबारी और रिसाइक्लिंग व्यवसाय से जुड़े लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

उपयुक्त खंड-11 अरुण कुमार पाण्डेय ने व्यापारियों को जीएसटी पंजीयन के लाभों तथा मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने व्यापारियों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और विधिवत पंजीयन कराने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में चार्टर्ड अकाउंटेंट सुमित अग्रवाल ने जीएसटी 2.0 में प्रस्तावित सुधारों, टैक्स स्लैब में संभावित बदलावों तथा उनके व्यापार पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने व्यापारियों के विभिन्न सवालों के जवाब भी दिए।

संवाद कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने अपनी व्यापारिक समस्याओं और कराधान से जुड़े मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष रखा। एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 अमित कुमार पाठक ने व्यापारियों के प्रश्नों का जवाब देते हुए कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया और विभाग की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

ज्वाइंट कमिश्नर राज्य कर संभाग-बी अनीता गर्व्याल ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए संवाद कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, विशेषज्ञों और व्यापारियों का आभार व्यक्त किया।

असिस्टेंट कमिश्नर राकेश कुमार कनौजिया ने व्यापारियों को जीएसटी पंजीयन से संबंधित विभिन्न प्रपत्रों और प्रक्रियाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में राज्य कर विभाग के खंड-11 मेरठ के कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

व्यापारियों और विभागीय अधिकारियों के बीच हुए इस संवाद कार्यक्रम को व्यापारिक समस्याओं के समाधान और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *