1
1
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-20 पुलिस और SOG टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 37 किलो 696 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 20 से 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गांजे को साड़ियों की पैकिंग के अंदर छिपाकर विभिन्न कोरियर कंपनियों के माध्यम से दिल्ली-एनसीआर तक पहुंचाते थे। इस तरीके को इसलिए अपनाया गया ताकि पार्सल की सामान्य जांच के दौरान किसी को शक न हो।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई 39 साड़ियां भी बरामद की हैं।
पुलिस और SOG टीम ने गोपनीय सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-17 नोएडा क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
दोनों मूल रूप से अयोध्या जिले के निवासी हैं और वर्तमान में दिल्ली के मयूर विहार फेस-2 क्षेत्र में रह रहे थे।
पूछताछ के दौरान पता चला कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन शुभम पाठक कर रहा था। वह पिछले दो-तीन वर्षों से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था।
आरोपी पश्चिम बंगाल से पार्सल मंगवाता था और अधूरे या फर्जी पते का इस्तेमाल करता था। पार्सल डिलीवरी से पहले ही वह फोन के जरिए संपर्क कर माल प्राप्त कर लेता था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद गांजा सामान्य गांजे से अधिक प्रभावशाली है। इसे विशेष प्रकार की पत्तियों को सुखाकर और कई स्तर की प्रोसेसिंग के बाद तैयार किया जाता है, जिसके कारण इसकी मादक क्षमता और बाजार मूल्य दोनों अधिक होते हैं।
इसी वजह से इसकी मांग दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में काफी अधिक थी।
मुख्य आरोपी शुभम पाठक का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तस्करी का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-20 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।