1
1
1
2
3
नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों बदमाशों को सेक्टर-55 स्थित एक प्लॉट के पास से दबोच लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से स्नैचिंग में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल, 21 मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकेश और प्रदीप उर्फ भिर्री के रूप में हुई है। दोनों शांतिकुंज कॉलोनी, बिसरख में रहकर नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर में मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे।
जांच में सामने आया कि आरोपियों के पास से बरामद स्प्लेंडर मोटरसाइकिल वर्ष 2020 में गाजियाबाद के थाना खोडा क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसी बाइक का इस्तेमाल कर दोनों आरोपी राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो जाते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और मोबाइल स्नैचिंग कर अपने खर्च पूरे करते थे। वारदात के बाद छीने गए मोबाइल फोन दिल्ली में ले जाकर बेच दिए जाते थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 20 मार्च 2026 को सेक्टर-59 मेट्रो स्टेशन के पास मोबाइल स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया था। इसके अलावा सेक्टर-12/22 चौड़ा मोड़ से छीना गया एक आईफोन-16 भी दिल्ली में बेचने की बात स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने विभिन्न कंपनियों के कुल 21 मोबाइल फोन, चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से स्नैच किए गए बताए जा रहे हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ चोरी, स्नैचिंग, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। प्रदीप उर्फ भिर्री के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में एक दर्जन के करीब आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस दिलाने की प्रक्रिया में जुटी है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और नेटवर्क की जानकारी भी जुटाई जा रही है।