1
1
सरधना ब्लॉक के सिद्धपीठ झारखंडी महादेव मंदिर शाहपुर जदीद में श्रावण मास के अवसर पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। यह मेला 9 अगस्त से 11 अगस्त तक चलेगा, जिसमें हजारों शिवभक्तों के पहुंचने की उम्मीद है। गुरुवार को मंदिर परिसर में ग्रामीण और मंदिर समिति से जुड़े धर्मप्रेमियों की बैठक हुई,और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई, सजावट और सुरक्षा व्यवस्थाएं की तैयारियों की योजना बनाई ।

मंदिर के पीठाधीश्वर महंत संजय नाथ योगी ने बताया कि श्रावण मास में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। उनकी सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सा, विश्राम और प्रसाद वितरण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। महंत योगी ने कहा कि मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सेवा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

महंत संजय नाथ योगी ने आगे कहा कि धर्मप्रेमी और स्वयंसेवक पूरी निष्ठा के साथ शिवभक्तों की सेवा में लगे रहेंगे, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित और श्रद्धापूर्वक भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर सकें। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से मेले में पहुंचकर धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनने और अनुशासन बनाए रखने की अपील भी की।
श्रावण मास के इस मेले को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।इस दौरान सनातन हिंदू वाहिनी जिलाध्यक्ष आकाश डेढ़ा,जिला प्रभारी सोकेंद्र प्रधान आदि मौजूद रहे ।