1
1
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में निर्माणाधीन हॉस्टल में दो मजदूरों की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज डबल मर्डर केस का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
घटना 8 मई 2026 की है, जब निर्माणाधीन हॉस्टल में काम कर रहे शीशपाल और इन्द्र उर्फ धर्मेंद्र की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी गई थी। मामले में थाना नॉलेज पार्क में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
नॉलेज पार्क पुलिस ने 9 मई को गुर्जरपुर रेलवे लाइन की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते पर आरोपी को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद मुठभेड़ हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा और .315 बोर का जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपी अभिषेक कुमार ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह और दोनों मृतक 6 मई को ग्रेटर नोएडा के निर्माणाधीन हॉस्टल में माली का काम करने आए थे।
आरोपी के मुताबिक उसका मृतक शीशपाल से पुराना विवाद चल रहा था। उसने दावा किया कि शीशपाल के उसकी मृत बहन से संबंध थे और इसी बात को लेकर वह उसे लगातार ताने मारता था। इन्द्र उर्फ धर्मेंद्र भी शीशपाल का साथ देता था।
अभिषेक ने बताया कि उसने पहले से दोनों को मारने की योजना बना रखी थी। 8 मई की रात उसने दोनों को शराब पिलाई, लेकिन खुद कम शराब पी ताकि होश में रह सके। जब दोनों गहरी नींद में सो गए तो उसने फावड़े से उनके सिर और शरीर पर कई वार किए।
गिरफ्तार आरोपी अभिषेक कुमार मेरठ जिले के भावनपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 24 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
निर्माणाधीन हॉस्टल में हुए इस दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।