हरियाणा के तकनीकी छात्रों के लिए बड़ी पहल, IIT रुड़की में मिलेगा विशेष प्रशिक्षण; MoU पर हस्ताक्षर

हरियाणा के सरकारी तकनीकी शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। अब राज्य के छात्र भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए हरियाणा के तकनीकी शिक्षा विभाग और IIT रुड़की के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

इस समझौते के तहत दोनों संस्थान हैकाथॉन, इन्क्यूबेशन प्रोग्राम, स्टार्ट-अप मार्गदर्शन, संकाय विकास और प्रौद्योगिकी आधारित नवाचार पहलों पर संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। इसका उद्देश्य छात्रों को उद्योग-उन्मुख कौशल, शोध और उद्यमिता के बेहतर अवसर प्रदान करना है।

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि यह MoU राज्य के सरकारी इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी और पॉलिटेक्निक संस्थानों में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान एकीकरण और नवाचार आधारित शिक्षा को नई दिशा देगा। इससे छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों को भी राष्ट्रीय स्तर के संस्थान से सीखने और जुड़ने का अवसर मिलेगा।

समझौता ज्ञापन पर IIT रुड़की की ओर से प्रो. विवेक कुमार मलिक और हरियाणा तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से महानिदेशक प्रभजोत सिंह ने हस्ताक्षर किए। MoU की प्रमुख विशेषताओं में संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं, फैकल्टी डेवलपमेंट और संरचित ज्ञान-साझाकरण पहलें शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *