फिरोजाबाद नगर निगम में सोमवार को कार्यकारिणी चुनाव से पहले माहौल तनावपूर्ण हो गया। सुबह से ही पार्षदों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद नाराज पार्षदों ने सदन का बहिष्कार कर बाहर धरना शुरू कर दिया।
गांधी पार्क स्थित पालीवाल ऑडिटोरियम में दोपहर 12 बजे कार्यकारिणी चुनाव की प्रक्रिया शुरू होनी थी। इसी दौरान पार्षद अजय शर्मा ने प्रकाश विभाग से हटाए गए 28 कर्मचारियों को दोबारा नियुक्त करने की मांग उठाई।
जब मेयर कामिनी राठौर ने केवल चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही, तो कई पार्षद सदन से बाहर निकल आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मामले को शांत करने के लिए नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने पार्षदों को आश्वासन दिया कि संबंधित कंपनी के अधिकारी उनके कार्यालय में मौजूद हैं। प्रभावित कर्मचारी उनसे संपर्क कर अपना अनुबंध नवीनीकरण करा सकते हैं। इसके बाद ही कार्यकारिणी चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ सकी।
