1
1
दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में हुए हत्या कांड के बाद प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। मामले में मुख्य आरोपी उमरुद्दीन के घर पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को गिरा दिया। कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल और अर्धसैनिक बल तैनात किया गया ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
बताया जा रहा है कि नगर निगम की टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची और मकान के केवल उन्हीं हिस्सों को तोड़ा गया जो अवैध रूप से बनाए गए थे। पूरी इमारत को नहीं गिराया गया, बल्कि नियमों के विरुद्ध बने हिस्सों को ही हटाया गया।
यह कार्रवाई उस घटना के बाद हुई जिसमें होली के दौरान दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद हो गया था। झगड़े के दौरान 26 वर्षीय युवक तरुण गंभीर रूप से घायल हो गया था और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी, जिसके चलते अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी रखी जा रही है।