1
1
भुवनेश्वर/बालेश्वर: भारत ने रक्षा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए शुक्रवार को ओडिशा तट से परमाणु क्षमता वाली अग्नि-1 बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया। यह परीक्षण DRDO और Strategic Forces Command की निगरानी में डॉ. APJ Abdul Kalam Island से किया गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक अग्नि-1 एक शॉर्ट रेंज बैलिस्टिक मिसाइल (SRBM) है, जिसकी मारक क्षमता लगभग 700 से 900 किलोमीटर तक बताई जाती है। यह मिसाइल पारंपरिक और परमाणु दोनों तरह के हथियार ले जाने में सक्षम है।
DRDO अधिकारियों के अनुसार परीक्षण पूरी तरह सफल रहा और मिसाइल ने तय सभी तकनीकी मानकों को पूरा किया। परीक्षण के दौरान मिसाइल की उड़ान, नेविगेशन सिस्टम और लक्ष्य भेदन क्षमता की निगरानी की गई।
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह परीक्षण भारत की रणनीतिक सैन्य क्षमता को और मजबूत करेगा। हाल के दिनों में भारत लगातार मिसाइल और हाइपरसोनिक तकनीकों पर तेजी से काम कर रहा है। DRDO ने हाल ही में कई एडवांस मिसाइल सिस्टम और स्क्रैमजेट तकनीक के सफल परीक्षण भी किए हैं।
अग्नि मिसाइल श्रृंखला भारत के परमाणु प्रतिरोधक ढांचे का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है। इससे पहले भारत अग्नि-5 और MIRV तकनीक से लैस एडवांस मिसाइलों का भी सफल परीक्षण कर चुका है।
भारत की बढ़ती रक्षा तकनीक और स्वदेशी मिसाइल विकास कार्यक्रम को ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।