Popular Posts

2 साल से ‘महतारी वंदन’ का इंतजार: फॉर्म गुम होने से 11 गरीब महिलाएं योजना से वंचित

छत्तीसगढ़ के किरंदुल क्षेत्र से एक गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां धर्मपुर कैंप की 11 गरीब महिलाएं पिछले दो वर्षों से महतारी वंदन योजना के लाभ से वंचित हैं। महिलाओं का आरोप है कि उन्होंने सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन फॉर्म जमा किए थे, लेकिन उनके फॉर्म गुम हो गए और अब तक उन्हें किसी तरह की सहायता नहीं मिल सकी है।

किरंदुल के वार्ड क्रमांक 4 स्थित धर्मपुर कैंप की 11 महिलाओं ने जन शिकायत विभाग के मुख्य अधिकारी को पत्र लिखकर अपनी परेशानी साझा की है। उनका कहना है कि उन्होंने करीब दो साल पहले आंगनबाड़ी केंद्र में महतारी वंदन योजना के तहत आवेदन जमा किया था। इस योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो उनके परिवार के लिए एक बड़ा सहारा बन सकती थी।

महिलाओं के अनुसार, आवेदन जमा करने के बाद से अब तक उन्हें न तो योजना का लाभ मिला और न ही उनके फॉर्म का कोई रिकॉर्ड मिल पाया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और नगर पालिका प्रशासन भी इस मामले में स्पष्ट जवाब देने में असमर्थ हैं, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।

इन सभी महिलाएं गरीबी रेखा (BPL) श्रेणी में आती हैं और उनका कहना है कि इस योजना का लाभ मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो सकता था। लेकिन फॉर्म गुम होने के कारण वे लगातार योजना से बाहर हैं।

शिकायत करने वाली महिलाओं में सुलता साहू, रेणुका साहू, जानकी, लक्ष्मी साहू, शारदा अनिला, मोनिका साहू, गणेश्वरी ठाकुर, शोभा, कुंती साहू, चंद्रिका ठाकुर और शांति ठाकुर शामिल हैं।

महिलाओं ने अपने पत्र में मांग की है कि उनके गुम हुए फॉर्म की जांच कराई जाए और उनके आवेदनों को दोबारा स्वीकार कर जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी की जाए। साथ ही, उन्होंने यह भी सुझाव दिया है कि जरूरत पड़ने पर विशेष शिविर लगाकर या वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए उन्हें योजना का लाभ दिया जाए।

महिलाओं ने पत्र में लिखा है कि वे सभी बेहद गरीब हैं और पिछले दो वर्षों से इस योजना के लाभ से वंचित हैं। उन्होंने सरकार से अपील की है कि उनके मामले में जल्द कार्रवाई कर उन्हें उनका हक दिलाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *