1
1
03 से 13 जून तक ग्रेटर नोएडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा रोमांचक आयोजन
ग्रेटर नोएडा, 27 मई 2026।
ग्रेटर नोएडा के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। पहली बार बिग क्रिकेट लीग (बीसीएल) का आयोजन ग्रेटर नोएडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के क्रिकेट ग्राउंड में होने जा रहा है। 03 जून से शुरू होकर 13 जून तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत के कई दिग्गज खिलाड़ी मैदान पर अपना जलवा बिखेरेंगे।
टूर्नामेंट में पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज Shikhar Dhawan, अनुभवी स्पिनर Harbhajan Singh, विस्फोटक बल्लेबाज Chris Gayle, न्यूज़ीलैंड के स्टार खिलाड़ी Ross Taylor, Thisara Perera और Tillakaratne Dilshan जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। दर्शकों के लिए सभी मैचों में प्रवेश निशुल्क रहेगा तथा पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी।
मैचों के सफल आयोजन को लेकर क्रिकेट ग्राउंड और आसपास के क्षेत्रों में सभी आवश्यक तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर एसीईओ प्रेरणा सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। आयोजन में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सहयोगी की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
बिग क्रिकेट लीग के मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह ने बताया कि ऑनलाइन ट्रैवल टेक कंपनी EaseMyTrip के सहयोग से आयोजित इस टूर्नामेंट में छह फ्रेंचाइजी टीमें टी-20 फॉर्मेट में कुल 18 मुकाबले खेलेंगी। मौजूदा चैंपियन मुंबई मरींस टीम है। इस लीग की विशेषता यह है कि देशभर से चुने गए 60 शौकिया क्रिकेटरों को इन दिग्गज खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही कई पूर्व आईपीएल खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
भारत में टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण Eurosport पर किया जाएगा, जबकि डिजिटल स्ट्रीमिंग FanCode पर उपलब्ध होगी। इसके अलावा 11 दिवसीय इस टूर्नामेंट का प्रसारण 25 से अधिक देशों में भी किया जाएगा।
Nishant Pitti ने कहा कि बिग क्रिकेट लीग के साथ साझेदारी बेहद रोमांचक और संतोषजनक रही है। बीसीएल ऐसा मंच प्रदान कर रहा है, जो क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों को जमीनी स्तर की प्रतिभाओं से जोड़ता है।
वहीं, बिग क्रिकेट लीग के लीग कमिश्नर Dilip Vengsarkar ने कहा कि लीग का उद्देश्य विश्वस्तरीय क्रिकेट मंच तैयार करना है, ताकि युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और महान खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिल सके।