Popular Posts

कलेक्ट्रेट कार्यालय में आर.एम. इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने जिलाधिकारी को बांधी राखी, दी शुभकामनाएं

सरधना के ग्राम महादेव स्थित आर.एम. इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में आज कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह से मुलाकात की तथा उन्हें रक्षासूत्र बांधकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। स्कूल की छात्र प्रतिनिधियों जानवी सोम, तपस्या, शिवानी, अंजली सोम, जानवी, आस्था पुंडीर एवं गौरी ने जिलाधिकारी की कलाई पर राखी बांधी तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। छात्राओं ने जिलाधिकारी को तिलक लगाया, आरती उतारी और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार किए गए आकर्षक हस्तनिर्मित ग्रीटिंग कार्ड भी जिलाधिकारी को भेंट किए।

जिलाधिकारी ने छात्राओं के स्नेह एवं आत्मीयता के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया। उन्होंने छात्राओं को उपहार स्वरूप चॉकलेट प्रदान की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिलाधिकारी ने छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हुए देश के विकास में नारी शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने छात्राओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित ग्रीटिंग कार्ड की रचनात्मकता की सराहना करते हुए इस सुंदर पहल के लिए प्रधानाचार्या श्रीमती रूपाली वशिष्ठ एवं शिक्षक श्री गौरव गुप्ता को बधाई दी।

प्रधानाचार्या श्रीमती रूपाली वशिष्ठ ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता एवं कलात्मकता को बढ़ावा देना, उन्हें अपनी समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना तथा समाज एवं देश की सेवा में निरंतर जुटे प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है।

इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती रूपाली वशिष्ठ, शिक्षक श्री गौरव गुप्ता, विद्यालय का स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *