1
1
1
2
3
मेरठ। आज कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) श्रीमती नुपूर गोयल की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति तथा जिला वेटलैंड समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
वृक्षारोपण एवं जियो-टैगिंग की सख्त समीक्षा
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा वर्षाकाल 2026-27 के दौरान कराए गए वृक्षारोपण की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। जिन विभागों में रोपित पौधों की जियो-टैगिंग की प्रगति कम पाई गई, उन्हें कड़े निर्देश दिए गए कि आगामी तीन दिनों के भीतर शत-प्रतिशत जियो-टैगिंग पूर्ण कर इसकी आख्या प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग कार्यालय को उपलब्ध कराएं। इस व्यवस्था को अपने-अपने विभागों में कड़ाई से लागू करने को कहा गया। साथ ही, सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि वे अपने विभाग से संबंधित 3-3 उत्कृष्ट स्थलों (बेस्ट साइट्स) तथा वीवीआईपी स्थलों का चिन्हांकन कर अविलंब वन विभाग को सूची प्रेषित करें।
वेटलैंड चिन्हांकन में राजस्व विभाग से त्वरित समन्वय के निर्देश
जनपद में वेटलैंड के रूप में स्थलों को अधिसूचित कराने के कार्य की समीक्षा करते हुए सीडीओ महोदया ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि यह कार्य विगत कई महीनों से लंबित है, जिसकी समीक्षा उच्च स्तर से लगातार की जा रही है। अतः एडीएम (प्रशासन) इसका स्वयं संज्ञान लेकर वन विभाग से समन्वय स्थापित करें। वन विभाग से सूची प्राप्त कर राजस्व कर्मियों (लेखपालों) के माध्यम से धरातलीय सत्यापन व आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कराकर शीघ्र वन विभाग को उपलब्ध कराएं।
हिंडन नदी व सरधना नाले की सफाई आख्या पर कड़ा रुख
जिला गंगा समिति की समीक्षा के दौरान सीडीओ महोदया ने कहा कि हिंडन नदी में गिरने वाले सरधना नाले की साफ-सफाई के संबंध में पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के बावजूद अधिशासी अभियंता (गंगनहर/सिंचाई विभाग) एवं अधिशासी अधिकारी (नगर पालिका परिषद सरधना) द्वारा अभी तक सफाई आख्या उपलब्ध नहीं कराई गई है। नदी पुनरुद्धार के दृष्टिगत इसे अत्यंत गंभीर मानते हुए उन्होंने तत्काल एवं अविलंब आख्या जिला गंगा समिति को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में योजित वादों से संबंधित सूचनाएं सभी विभाग शीघ्रता से जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

गंगा व सहायक नदियों के तटीय वृक्षारोपण एवं ग्राम गंगा समितियों की कार्यवाही
सीडीओ ने जिला पंचायती राज अधिकारी (डीपीआरओ) एवं परियोजना निदेशक (ग्रामीण विकास अभिकरण) को निर्देशित किया कि इस वर्ष गंगा नदी व जनपद की अन्य नदियों के तटों पर कराए गए वृक्षारोपण की संपूर्ण आख्या तत्काल जिला परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति को सौंपी जाए। साथ ही, डीपीआरओ को निर्देशित किया गया कि गंगा किनारे स्थित ग्रामों में आयोजित हो रही ‘ग्राम गंगा समितियों’ की बैठकों का कार्यवृत्त (मिनट्स) एवं सूचना बिना किसी विलंब के जिला गंगा समिति को उपलब्ध कराएं, जिससे इसे शासन स्तर पर प्रेषित किया जा सके।
जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा में सीडीओ द्वारा एडीएम (प्रशासन) को निर्देशित किया गया कि पर्यावरण से संबंधित लंबित वादों का त्वरित निस्तारण कराते हुए सूचना समिति को उपलब्ध कराई जाए।
2 अक्टूबर से वन्यजीव सप्ताह: गांधी बाग में होगी बर्ड वाचिंग
प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग सुश्री वंदना फोगाट ने बैठक में अवगत कराया कि आगामी 2 अक्टूबर से वन्यजीव सप्ताह का शुभारंभ किया जा रहा है। उद्घाटन दिवस (2 अक्टूबर) पर प्रातःकाल गांधी बाग, मेरठ में ‘बर्ड वाचिंग’ एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में जनमानस, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु मुख्य विकास अधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) तथा जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को निर्देश दिए कि विद्यालयों में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसमें प्रतिभाग कर सकें।
बैठक में यह रहे उपस्थित
बैठक में जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी तुषार गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), प्रमोद कुमार अधिशासी अभियंता (ड्रेनेज खंड प्रथम, सिंचाई विभाग), अधिशासी अभियंता (जल निगम नगरीय), जिला पंचायती राज अधिकारी, परियोजना निदेशक (डीआरडीए), अपर नगर आयुक्त (नगर निगम) लवी त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
