1
1
नोएडा के थाना फेस-1 पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 17 चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी, 8 चोरी व स्नैचिंग के मोबाइल फोन और 3 अवैध चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक 7 मई 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर सेक्टर-8 स्थित एफ-95 के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सूरज उर्फ चीढ़ा, अनिल कुमार उर्फ गोलू और सुशील मिश्रा उर्फ बाबा के रूप में हुई है। तीनों आरोपी नोएडा के सेक्टर-63 क्षेत्र के छिजारसी गांव के रहने वाले हैं।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गैंग बनाकर नोएडा, दिल्ली और एनसीआर की कॉलोनियों, सोसाइटियों और कंपनियों के बाहर खड़े वाहनों की पहले रेकी करते थे। मौका मिलते ही बाइक और स्कूटी का लॉक तोड़कर चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वाहनों को अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखा जाता था ताकि पुलिस को भनक न लगे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी चोरी की गई इन्हीं मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल मोबाइल फोन स्नैचिंग और चोरी की वारदातों में भी करते थे। गैंग समय-समय पर अपने ठिकाने बदलता रहता था ताकि पुलिस की पकड़ से बच सके।
जांच में पता चला कि बरामद वाहनों के संबंध में नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज हैं। तीनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
मुख्य आरोपी सूरज उर्फ चीढ़ा के खिलाफ लूट, वाहन चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब 30 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अनिल और सुशील पर भी वाहन चोरी, आबकारी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
नोएडा पुलिस का कहना है कि यह गैंग लंबे समय से एनसीआर में सक्रिय था और लगातार वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के वाहनों और मोबाइल फोन को किन लोगों को बेचा जाता था और गैंग में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की इस कार्रवाई को वाहन चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं पर बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।