Popular Posts

गार्गी गर्ल्स स्कूल, गंगानगर में हुआ दो दिवसीय अंतर विद्यालयी संगीत महोत्सव ‘‘मल्हार’’ का भव्य शुभारंभ, जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया प्रतिभाग

गार्गी गर्ल्स स्कूल, गंगानगर, मेरठ में आज दिनांक 21 अगस्त 2026 से दो दिवसीय अंतर विद्यालयी संगीत महोत्सव ‘‘मल्हार’’ का भव्य शुभारंभ हुआ। संगीत, सुर, लय और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति से सजे इस आयोजन में मेरठ के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। ‘‘मल्हार’’ न केवल संगीत की विविध विधाओं को एक मंच प्रदान किया, बल्कि पिछले 15 वर्षों से निरंतर विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति को नई उड़ान देने का सशक्त माध्यम बनता आ रहा है।

मुख्य अतिथि/जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के मैनेजिंग ट्रस्टी श्री विनीत गर्ग एवं प्रधानाचार्या डॉ. वाग्मिता त्यागी ने मुख्य अतिथि को ग्रीन पॉट भेंट कर उनका हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत किया। इस अवसर पर निर्णायक मंडल की सदस्य श्रीमती मनिका जौहरी, संगीत शिक्षिका तथा श्री सम्यक जैन, संस्थापक-साउंड एंड म्यूजिक एकेडमी का भी ग्रीन पॉट भेंट कर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना, गणेश मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रस्तुत ‘‘शिव आराधना’’ पर आधारित स्वागत नृत्य ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा और सौंदर्य से भर दिया।

महोत्सव के प्रथम दिवस मेघ मल्हार राग, रॉक बैंड-80-90 के दशक के गीत तथा आशा भोसले एवं आर. डी. बर्मन के सुरों से सजे मनोरंजक युगल गीत जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें मेरठ के 25 से अधिक विद्यालयों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। मेघ मल्हार की शास्त्रीयता ने भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा की झलक प्रस्तुत की, वहीं रॉक बैंड की प्रस्तुतियों में युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और आधुनिक संगीत के प्रति उनकी रचनात्मक दृष्टि दिखाई दी। युगल गायन में सधे हुए सुरो, भावपूर्ण अभिव्यक्ति और उत्कृष्ट तालमेल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। निर्णायक मंडल ने सभी प्रस्तुतियों का सूक्ष्म एवं निष्पक्ष मूल्यांकन करते हुए स्वर-शुद्धता, लय, ताल, भावाभिव्यक्तिः, प्रस्तुति शैली, वाद्य-संगीत, रचनात्मकता एवं मंचीय आत्मविश्वास को प्रमुख आधार बनाया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *